Home Chhattisgarh news वर्दी की गर्मी पड़ी भारी: ड्यूटी के दौरान शराब पीकर हंगामा करने वाला सिपाही सस्पेंड, SP ने जारी किया कड़ा संदेश

वर्दी की गर्मी पड़ी भारी: ड्यूटी के दौरान शराब पीकर हंगामा करने वाला सिपाही सस्पेंड, SP ने जारी किया कड़ा संदेश

0
वर्दी की गर्मी पड़ी भारी: ड्यूटी के दौरान शराब पीकर हंगामा करने वाला सिपाही सस्पेंड, SP ने जारी किया कड़ा संदेश

कवर्धा, 1 मई | कबीरधाम:
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक पुलिस आरक्षक को ड्यूटी के दौरान शराब पीकर हंगामा करना महंगा पड़ गया। रायपुर रोड स्थित पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक अभिषेक लकड़ा को नशे की हालत में ड्यूटी करने और लोगों से विवाद करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मामला सामने आने के बाद एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कड़ी कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।

बुधवार को अभिषेक लकड़ा शराब के नशे में लोगों से बहस कर रहा था और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहा था। इस घटना की शिकायत आम नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से की। इसके बाद आरक्षक को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां रिपोर्ट में अत्यधिक मात्रा में शराब सेवन की पुष्टि हुई।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि ड्यूटी के समय नशे की हालत में रहना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इससे पुलिस विभाग की छवि को ठेस पहुंचती है और जनता का भरोसा टूटता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता, कर्तव्य में लापरवाही या कोई भी गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनता से अपील:
कबीरधाम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी पुलिसकर्मी को ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में देखा जाए या वह अनुशासन तोड़ता हुआ नजर आए, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने या उच्च अधिकारियों को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।