Home Chhattisgarh news Bastar news फेसबुक पर फेक प्रोफाइल बनाकर लड़कियों को फंसाता था 17 साल का नाबालिग, सुनसान जगह बुलाकर करता था लूटपाट

फेसबुक पर फेक प्रोफाइल बनाकर लड़कियों को फंसाता था 17 साल का नाबालिग, सुनसान जगह बुलाकर करता था लूटपाट

0
फेसबुक पर फेक प्रोफाइल बनाकर लड़कियों को फंसाता था 17 साल का नाबालिग, सुनसान जगह बुलाकर करता था लूटपाट

जशपुर। सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला छत्तीसगढ़ के जशपुर से सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़का फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। फिर उन्हें मिलने के बहाने सुनसान इलाकों में बुलाकर मोबाइल फोन और नकदी लूट लेता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है।

फेक फोटो से बनाता था भरोसा, फिर करता था वारदात
आरोपी किसी और की प्रोफाइल फोटो लगाकर लड़कियों से दोस्ती करता था। जब लड़कियां विश्वास कर लेती थीं, तो वह उन्हें मिलने के लिए बुलाता था। मुलाकात के दौरान आरोपी चेहरा ढककर आता था ताकि पहचान न हो सके। मौका पाते ही मोबाइल, नकद और अन्य सामान लूटकर फरार हो जाता था।

दो थानों में एक जैसी शिकायतें, ऐसे हुआ खुलासा
26 जून और 30 जून को दो अलग-अलग लड़कियों ने कुनकुरी और नारायणपुर थानों में शिकायतें दर्ज कराई थीं। दोनों मामलों में तरीका एक जैसा था—सोशल मीडिया से दोस्ती, मिलने का बुलावा, नकाब में आरोपी और फिर लूट। इनमें से एक घटना में आरोपी ने न सिर्फ मोबाइल और कैश लूटा, बल्कि उस मोबाइल से ₹25,000 का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन भी कर डाला, जिसमें ₹5,000 अपने दोस्त के खाते में ट्रांसफर किए गए।

तकनीकी जांच से मिला सुराग, फर्जी प्रोफाइल से पकड़ा गया आरोपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने टेक्निकल एक्सपर्ट्स की मदद से फर्जी फेसबुक अकाउंट की जांच की। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की ट्रैकिंग से पता चला कि आरोपी कुनकुरी का ही रहने वाला 17 साल का लड़का है। पूछताछ में उसने दोनों घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए मोबाइल, बाइक और इस्तेमाल किया गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।

सिर्फ लूट नहीं, ठगी भी करता था आरोपी
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने पीड़िताओं के मोबाइल से उनकी सहेलियों को भी मैसेज कर पैसों की मांग की। बीमारी का बहाना बनाकर उनसे भी ठगी करने की कोशिश की गई। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहराई से जांच कर रही है। संभावना है कि उसने और भी वारदातों को अंजाम दिया है।

एसएसपी की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सतर्क रहें, अनजान प्रोफाइल्स से दोस्ती करने से बचें और अपनी निजी जानकारी साझा करने से पहले सोचें। जशपुर पुलिस की तेज़ और प्रोफेशनल कार्रवाई से इस गंभीर साइबर अपराध का खुलासा संभव हो सका है।