भिलाई जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के चिखली स्थित शासकीय कंट्रोल सोसाइटी में एक बोरी कम शक्कर छोड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सोसाइटी के संचालक राजकुमार यादव और उनके साथियों ने ट्रांसपोर्टर के चालक पर ताले से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने राजकुमार समेत अन्य के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 125, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना ऐसे हुई
चौकी प्रभारी खगेन्द्र पठारे ने बताया कि 10 अगस्त दोपहर करीब 1 बजे यह घटना हुई। ट्रक चालक दीपक वर्मा, जो ट्रांसपोर्टर हरदीप सिंह की गाड़ी चलाता है, ने शिकायत दर्ज कराई है। उसके अनुसार, 8 अगस्त को उसने चिखली सोसाइटी में 12 बोरी और 9 किलो खुली शक्कर उतारी थी, लेकिन संचालक राजकुमार ने एक बोरी शक्कर कम होने का आरोप लगाया।
दीपक ने जांच करने पर पाया कि हमाल बल्ला ने एक बोरी शक्कर सोसाइटी के दूसरे कमरे में रखवाई थी, जबकि बाकी 11 बोरी और 9 किलो शक्कर मुख्य दुकान में थी। जब दीपक ने यह बात राजकुमार को बताई और कमरे का ताला खोलकर दिखाने की बात कही, तो राजकुमार गुस्से में आ गया। उसने गाली-गलौज करते हुए ताले से दीपक के सिर पर वार कर दिया और लात-घूसों से मारपीट की।
सीसीटीवी से जुटाए जाएंगे सबूत
पुलिस ने घटना स्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। हमाल बल्ला से भी पूछताछ की गई है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात पुलिस ने कही है। वहीं, ट्रांसपोर्टर पक्ष का आरोप है कि दुकानदार गड़बड़ी कर रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट करते हैं, जबकि दुकानदार आरोप ट्रांसपोर्टर पर मढ़ देते हैं।