दुर्ग शहर में अवैध हुक्का और ई-सिगरेट बिक्री के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर मोहन नगर थाना क्षेत्र में रात के समय SSD डेली नीड्स नामक दुकान पर छापेमारी की गई। यहां युवाओं को गैरकानूनी तरीके से तंबाकूयुक्त हुक्का और ई-सिगरेट बेचे जा रहे थे।
इस दौरान पुलिस ने करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, हुक्का पॉट्स, विभिन्न फ्लेवर वाले तंबाकू उत्पाद और हुक्का से जुड़ी अन्य वस्तुएं शामिल थीं। आरोपी के खिलाफ कोटपा एक्ट की धारा 4(क) और 21(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है, साथ ही उसके विरुद्ध अतिरिक्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
एसएसपी ने बताया कि यह कदम युवाओं को नशे की लत से बचाने और शहर में अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है। पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा, और नागरिकों से अपील की गई है कि वे ऐसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें।