Home Chhattisgarh news रायपुर में हाई-प्रोफाइल ड्रग केस: इंटीरियर डिजाइनर युवती नव्या मलिक गिरफ्तार, यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स तक सप्लाई का खुलासा

रायपुर में हाई-प्रोफाइल ड्रग केस: इंटीरियर डिजाइनर युवती नव्या मलिक गिरफ्तार, यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स तक सप्लाई का खुलासा

0
रायपुर में हाई-प्रोफाइल ड्रग केस: इंटीरियर डिजाइनर युवती नव्या मलिक गिरफ्तार, यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स तक सप्लाई का खुलासा

रायपुर पुलिस ने एक बड़े ड्रग तस्करी मामले में 30 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर नव्या मलिक को मुंबई से गिरफ्तार किया है। नव्या उस गिरोह का हिस्सा थी, जो शहर के क्लब, पब और फार्महाउस जैसी नाइट पार्टियों में नशीले पदार्थ सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, ड्रग्स मुंबई, दिल्ली और पंजाब से लाए जाते थे।

पुलिस ने करीब एक हफ्ते पहले देवेंद्र नगर ओवरब्रिज के पास तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के नाम हर्ष आहूजा, मोनू विश्नोई और दीप धनोरिया बताए गए। उनसे पूछताछ में पता चला कि ड्रग्स (MDMA) दिल्ली से रायपुर लाए गए थे और नव्या मलिक के कहने पर ये सप्लाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 27.58 ग्राम MDMA, एक सोनेट कार, 85,300 रुपए नकद, तौल मशीन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए। इसके अलावा 20 लाख रुपए के अन्य सामान भी पुलिस ने बरामद किए।

पुलिस ने नव्या मलिक को मुंबई से गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, ड्रग सप्लाय का रैपर और दो मोबाइल जब्त किए गए। नव्या पर नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार नव्या डिजाइनिंग और फैशन शो में शामिल होती थी। पहले उसे ड्रग्स की लत लगी और बाद में वह बड़े पैमाने पर तस्करी में शामिल हो गई। शुरुआती दौर में वह दिल्ली से ड्रग्स मंगाती थी, बाद में पंजाब, हरियाणा और मुंबई के तस्करों से MDMA और हेरोइन खरीदकर रायपुर में सप्लाई करने लगी।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि 4 अगस्त को पहली बार इस ड्रग रैकेट का खुलासा हुआ था। तब पंजाब और राजनांदगांव के 9 तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद हुई। अब तक 26 दिनों में कुल 44 तस्करों को पकड़ा जा चुका है।

पुलिस ने नव्या को 3 दिन की रिमांड पर लिया है। देवेंद्र नगर में गिरफ्तार हर्ष आहूजा, जो नव्या का पड़ोसी है, से पुलिस को शक है कि दोनों मिलकर इस ड्रग गिरोह का संचालन कर रहे थे।