Home Chhattisgarh news Bilaspur news GST विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन: छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में 17 ठिकानों पर छापेमारी, 2.5 करोड़ टैक्स वसूला

GST विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन: छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में 17 ठिकानों पर छापेमारी, 2.5 करोड़ टैक्स वसूला

0
GST विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन: छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में 17 ठिकानों पर छापेमारी, 2.5 करोड़ टैक्स वसूला

छत्तीसगढ़ में राज्य GST विभाग ने टैक्स चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़ और जगदलपुर में कुल 17 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की गई। ये कार्रवाई गुटखा, जूता, कॉर्पोरेट, कपड़ा और ट्रेडिंग फर्मों पर केंद्रित थी।

तलाशी के दौरान कई जगहों पर फर्जी बिलिंग, बिना बिल के कारोबार और जीएसटी चोरी से जुड़े दस्तावेज सामने आए। लगातार गड़बड़ियों के बाद फर्म संचालकों ने करीब 2.5 करोड़ रुपये टैक्स के रूप में जमा किए। जांच टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और बहीखाते जब्त किए हैं।

सूचना के आधार पर ज्वाइंट कमिश्नर नरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में टीम ने बुधवार रात 3 बजे राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जोरातराई में एक अवैध गुटखा फैक्ट्री पर भी छापा मारा। फैक्ट्री से तंबाकू, सुपारी, गुटखा रैपर और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद होने पर उसे सील कर दिया गया। फैक्ट्री संचालक पर 2 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

रायपुर में बड़ी कार्रवाई:
राजधानी रायपुर में नामी जूता शोरूम, ट्रेडिंग कंपनियों और कार्पोरेट कार्यालयों पर छापा डाला गया। वहां से निर्धारित स्टॉक से अधिक माल और अनाधिकृत लेनदेन के सबूत मिले। दस्तावेजों की गहन जांच में टैक्स चोरी की पुष्टि हुई।

GST विभाग की यह अभियान पिछले तीन दिनों से लगातार चल रहा है। इससे पहले पंडरी के कपड़ा बाजार और फर्नीचर शोरूम में भी छापेमारी की गई थी। सभी जगहों से मिले दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।