छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक 65 वर्षीय महिला गीता विश्वास का अधजला शव उसके घर के पीछे मिला। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो शव को अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस या शव वाहन की व्यवस्था नहीं की जा सकी।
इसके बाद पुलिस ने नगर पालिका की कचरा उठाने वाली गाड़ी मंगवाई और शव को प्लास्टिक में लपेटकर उसी में पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इस अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

मामला बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है, जहां फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी जांच के लिए पहुंची थी। जानकारी के मुताबिक महिला कॉलोनी में अकेली रहती थी और उसका बेटा अनुकंपा नियुक्ति पर नौकरी कर रहा है।
पुलिस ने शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही असल वजह सामने आ पाएगी।
वीडियो के वायरल होते ही कोरबा के एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया और लापरवाही के लिए जिम्मेदार एएसआई पृथ्वीराज मोहंती को तत्काल निलंबित कर दिया। अन्य जिम्मेदारों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।