Home Chhattisgarh news दुर्ग: स्वामी आत्मानंद स्कूल में धार्मिक प्रतीकों को लेकर विवाद, प्रिंसिपल पर आरोप

दुर्ग: स्वामी आत्मानंद स्कूल में धार्मिक प्रतीकों को लेकर विवाद, प्रिंसिपल पर आरोप

0
दुर्ग: स्वामी आत्मानंद स्कूल में धार्मिक प्रतीकों को लेकर विवाद, प्रिंसिपल पर आरोप

दुर्ग के स्वामी आत्मानंद स्कूल की प्रिंसिपल संगीता नायर विवादों में आ गई हैं। छात्रों ने उन पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है और यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन की चेतावनी भी दी है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

छात्रों का कहना है कि परीक्षा के दौरान प्रिंसिपल ने उनकी शिखा (चोटी) खींचकर काटने के लिए कहा और तिलक व कलावा पर भी आपत्ति जताई। आरोप है कि छात्रों को धमकाया गया और कहा गया कि यदि वे धार्मिक प्रतीक लेकर स्कूल आए तो उन्हें ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देकर निकाल दिया जाएगा और परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।

ब्राह्मण छात्रों पर विशेष निशाना?

कुछ छात्रों ने बताया कि जिन छात्रों ने धार्मिक परंपरा के अनुसार शिखा रखी थी, उन्हें विशेष रूप से निशाना बनाया गया। उनके परीक्षा पत्रों पर प्रिंसिपल ने निशान लगाकर उन्हें आगे परीक्षा देने से रोका। एक छात्र ने कहा, “मैं ब्राह्मण हूं, इसलिए शिखा रखता हूं, लेकिन मैडम ने कटवाने का दबाव डाला और मौली उतारने को कहा।”

हिंदू संगठन ने उठाई आवाज

बजरंग दल के दुर्ग संयोजक सौरभ देवांगन ने प्रिंसिपल पर धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया। उनका कहना है कि प्रिंसिपल लंबे समय से हिंदू प्रतीकों को लेकर छात्रों को परेशान कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में 68 छात्रों में से 40 छात्र फेल कर दिए गए, जिनमें अधिकांश वही थे जो शिखा, तिलक और कलावा पहनते थे।

सौरभ देवांगन ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने मामले में कार्रवाई नहीं की, तो वे डीईओ कार्यालय का घेराव कर सकते हैं। उन्होंने अन्य स्कूलों में भी ऐसी शिकायतें आने की बात कही और दोषी प्राचार्यों के निलंबन की मांग की।

स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल का पक्ष

इस मामले में प्रिंसिपल संगीता नायर का कोई जवाब नहीं मिला। वहीं, स्कूल के व्याख्याता आरके दुबे ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि छात्रों को केवल अनुशासन बनाए रखने और एकरूपता के लिए बाल कटवाने के लिए कहा गया, इसमें किसी प्रकार का धार्मिक भेदभाव नहीं है।

शिक्षा विभाग करेगा जांच

जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने कहा कि मामले की शिकायत उन्हें मिली है। जांच के बाद स्थिति के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।