Home Chhattisgarh news केवतरा में पूर्व सरपंच की करंट से मौत, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

केवतरा में पूर्व सरपंच की करंट से मौत, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

0
केवतरा में पूर्व सरपंच की करंट से मौत, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

तिल्दा ब्लॉक के ग्राम पंचायत केवतरा में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 40 वर्षीय पूर्व सरपंच ओमप्रकाश वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव उनके ही खेत में मिला, जबकि उनके पैर पर करंट लगने के स्पष्ट निशान पाए गए।

जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश वर्मा सोमवार शाम अपने खेत का निरीक्षण करने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान वे खेत में मृत अवस्था में पाए गए। उनके पैर पर करंट से जलने के निशान देख परिजन स्तब्ध रह गए।

परिजनों ने इस मामले में पड़ोसी खेत मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी ने अपनी फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में बिजली का करंट प्रवाहित किया था। इसके अलावा, मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है, जिससे परिजन इस घटना को सुनियोजित साजिश मान रहे हैं।

सूचना मिलते ही नेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा लाया गया है, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, खेतों में जानवरों से बचाव के लिए करंट लगाने का चलन खतरनाक साबित हो रहा है और पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। यह घटना न केवल गांव में बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारण और जिम्मेदारों का खुलासा हो सकेगा।

ओमप्रकाश वर्मा के असामयिक निधन से गांव में शोक की लहर है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।