रायपुर/उरला – उरला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4 में 30 जुलाई 2025 की रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। घटना रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब एक किराए के मकान को चोरों ने निशाना बनाया और लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जिस मकान में चोरी हुई वह कुल 11 कमरों का है, जिसमें सभी कमरे किरायेदारों को दिए गए हैं। वारदात के वक्त तीन किरायेदार गांव गए हुए थे। चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा, फिर एक-एक कर कमरों के ताले तोड़े। हैरानी की बात यह रही कि जिन कमरों में लोग रह रहे थे, उनके दरवाजे बाहर से लॉक कर दिए गए ताकि किसी को भनक न लगे।
जिन कमरों में कोई नहीं था, वहां से चोर करीब 8 हजार रुपये नकद, लगभग 60 हजार रुपये के सोने के गहने, चार भरे हुए गैस सिलेंडर और नवीन साड़ियां तक उठा ले गए। पीड़ित परिवारों ने उरला थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उरला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आस-पास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।