दुर्ग, छत्तीसगढ़ — आज दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिले से कुल 25,496 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा के लिए जिलेभर में 70 केंद्रों की स्थापना की गई है।
परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू होगी, लेकिन परीक्षार्थियों को सुबह 10:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी नोडल अधिकारियों को व्यापमं द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा के लिहाज से सभी केंद्रों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) द्वारा जैमर लगाए जाएंगे। साथ ही, केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर और मैनुअल फ्रिस्किंग (हाथों से तलाशी) की भी व्यवस्था की गई है। हर केंद्र पर एक महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी को तलाशी के लिए तैनात किया गया है।
अभ्यर्थियों को दी गई जरूरी सलाह
व्यापमं ने परीक्षार्थियों से परीक्षा समय से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है ताकि सत्यापन और तलाशी प्रक्रिया में समय रहते सब कुछ पूरा किया जा सके।
ड्रेस कोड और प्रतिबंध
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनने और चप्पल या सैंडल में आने की अनुमति दी गई है। कान में आभूषण, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, घड़ी, पर्स, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले परीक्षार्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
📌 सभी परीक्षार्थियों को नियमों का पालन करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी जाती है, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।