Home Chhattisgarh news CG News: पामगढ़ में सरकारी ज़मीन से हटाया गया अतिक्रमण, सेमरिया ग्राम पंचायत में चले बुलडोज़र

CG News: पामगढ़ में सरकारी ज़मीन से हटाया गया अतिक्रमण, सेमरिया ग्राम पंचायत में चले बुलडोज़र

0
CG News: पामगढ़ में सरकारी ज़मीन से हटाया गया अतिक्रमण, सेमरिया ग्राम पंचायत में चले बुलडोज़र

पामगढ़ (छत्तीसगढ़)। ग्राम पंचायत सेमरिया में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर अवैध रूप से बन रहे निर्माण कार्यों पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान 10 से अधिक निर्माणाधीन मकानों और दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।

कार्यवाही ग्राम पंचायत जेवरा चौक के पास की गई, जहां ग्रामीणों द्वारा लेफ्ट साइड में नए कब्जे कर मकान-दुकान बनाए जा रहे थे। इस क्षेत्र में पहले से ही कई सरकारी ज़मीनें अतिक्रमण की चपेट में हैं। ग्राम पंचायत ने इस स्थिति को देखते हुए पहले तीन बार चेतावनी नोटिस जारी किए थे, लेकिन इसके बावजूद अवैध निर्माण जारी रहे।

अंततः प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए राजस्व और पुलिस विभाग की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर जेसीबी मशीन की सहायता से सभी अतिक्रमण हटाए गए।

तहसीलदार ने दी चेतावनी
पामगढ़ तहसीलदार महेंद्र लहरे ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर और एसडीएम के निर्देश पर की गई है और आगे भी सरकारी ज़मीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई दोबारा अतिक्रमण करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी

यह कार्रवाई न केवल सरकारी ज़मीन की रक्षा के लिए की गई है, बल्कि आने वाले समय में अतिक्रमण पर अंकुश लगाने का एक सख्त संदेश भी है।