Home Chhattisgarh news बिजली बिल हाफ योजना में बदलाव को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन: तिल्दा में सरकार के खिलाफ मोर्चा

बिजली बिल हाफ योजना में बदलाव को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन: तिल्दा में सरकार के खिलाफ मोर्चा

0
बिजली बिल हाफ योजना में बदलाव को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन: तिल्दा में सरकार के खिलाफ मोर्चा

राज्य सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना में किए गए बदलाव के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। रायपुर से सटे तिल्दा क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर विरोध जताया गया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि योजना को बहाल नहीं किया गया, तो जिला मुख्यालय समेत सभी ब्लॉक मुख्यालयों में बिजली कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस का आरोप है कि पहले इस योजना के तहत मध्यम और निम्न आय वर्ग के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलती थी। यहां तक कि उच्च वर्ग के उपभोक्ताओं को भी 400 यूनिट तक आधे बिल का लाभ मिलता था। लेकिन अब सरकार ने इसे सीमित करते हुए केवल 100 यूनिट तक 50 यूनिट की ही छूट देने की बात कही है, जिससे अधिकांश उपभोक्ताओं को कोई ठोस राहत नहीं मिल पाएगी।

25 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उधोराम ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आते ही सरकार ने उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डालना शुरू कर दिया। पहले प्रति यूनिट दर में 25 पैसे की बढ़ोतरी की गई और अब बिजली बिल हाफ योजना को खत्म कर आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार को यह योजना फिर से लागू करनी चाहिए और वर्तमान में बढ़े हुए बिजली बिल से त्रस्त लोगों को राहत दी जानी चाहिए।

सोलर पैनल लगाने को लेकर भी उठाए सवाल
उधोराम ने आरोप लगाया कि सरकार अदानी समूह के सोलर पैनलों को बढ़ावा देने के लिए बिजली बिल बढ़ा रही है। उनका कहना है कि योजना को बंद करके लोगों को मजबूर किया जा रहा है कि वे सोलर पैनल लगवाएं, लेकिन गांवों में रहने वाले गरीब और मजदूर वर्ग के लोग ऐसा नहीं कर सकते।

आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना को तत्काल बहाल नहीं किया और बढ़ी दरें वापस नहीं लीं, तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन होगा। ब्लॉक स्तर पर बिजली कार्यालयों का घेराव किया जाएगा और जिम्मेदारी सरकार की होगी।

यह विरोध सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आमजन की आवाज है, कांग्रेस नेताओं ने ऐसा कहा है।