छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस सोमवार को पूरे प्रदेश में दोपहर 12 से 2 बजे तक चक्का जाम आंदोलन करेगी। पार्टी का दावा है कि यह विरोध प्रदर्शन 33 जिलों में एक साथ होगा, जहां प्रमुख सड़कों और बाजारों में यातायात को रोका जाएगा। रायपुर में यह प्रदर्शन मैग्नेटो मॉल के सामने नेशनल हाईवे पर किया जाएगा, जबकि धरसींवा में भी हाईवे को जाम किया जाएगा।
इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेता भी भाग लेंगे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव जैसे दिग्गज नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह ED जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष के नेताओं को दबाने का प्रयास कर रही है। पार्टी का कहना है कि शराब घोटाले की आड़ में कांग्रेस को बदनाम और कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को कांग्रेस ने षड्यंत्र करार दिया है।
रायपुर जिले के कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने बताया कि जिले के शहरी क्षेत्र में मैग्नेटो मॉल के सामने हाईवे जाम होगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में धरसींवा में चक्का जाम किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ इन जगहों पर जुटेगी और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराएगी।
कांग्रेस ने यह स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन जनसामान्य को जागरूक करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाने के लिए किया जा रहा है।