छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पड़ोसियों के बीच की रंजिश एक सनसनीखेज घटना में तब्दील हो गई। नंदिनी टाउनशिप में रहने वाले एक सरकारी शिक्षक ने अपने पड़ोसी की कार और बाइक में जानबूझकर आग लगा दी। आरोपी ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर एक कैन में भरा और देर रात विश्वकर्मा परिवार के घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
घटना 26 और 27 जून की दरम्यानी रात की है। गनीमत रही कि पड़ोसियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे घर में मौजूद चार लोगों की जान बच गई, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी शिक्षक राजेश कुमार मरकाम और उसके साथी उमेश पाटील को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे पकड़े गए आरोपी
एएसपी पद्मश्री तंवर के अनुसार, पीड़ित रामेश्वर कुमार विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी ने उसकी गाड़ियों में आग लगा दी है। जांच में सुराग मिलने के बाद पुलिस ने पास ही रहने वाले राजेश और उमेश से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया।
जानबूझकर की गई साजिश
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामेश्वर से पुराना विवाद चल रहा था, और इसी के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। उनका इरादा केवल गाड़ियों को जलाने का नहीं, बल्कि पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने का था।
दहशत में मोहल्ले वाले
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग आग बुझाते नजर आ रहे हैं। मोहल्ले में इस घटना के बाद से डर और तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 24 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।