दुर्ग जिले के कोहका स्थित स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निगरानी बदमाश का शव उसके ही घर के बाथरूम से बरामद हुआ। मृतक की पहचान प्रेमलाल चौहान उर्फ प्रेमा के रूप में की गई है।
सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। साथ ही एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने बाथरूम का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मौत का कारण अस्पष्ट, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक जांच में मौत की वजह सामने नहीं आई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रेमलाल की मौत कैसे हुई।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस मृतक की हाल की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। चूंकि प्रेमलाल निगरानी बदमाश था, इसलिए पुलिस पुराने विवाद और आपसी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है।