दुर्ग पुलिस ने सोमवार को नारकोटिक्स एक्ट के तहत जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट करने की बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 239 मामलों में बरामद मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। कार्रवाई भिलाई इस्पात संयंत्र परिसर और नेवई क्षेत्र में की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित ड्रग्स डिस्पोजल समिति की बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर और सहायक आबकारी आयुक्त सी.आर. साहू भी मौजूद थे।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने जानकारी दी कि भिलाई इस्पात संयंत्र क्षेत्र में करीब 16 क्विंटल (1620 किलोग्राम) गांजा नष्ट किया गया। इसके अलावा 8 किलो गांजे का पौधा, 277.29 ग्राम हेरोइन और 214.39 ग्राम ब्राउन शुगर को भी सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया।

इसके साथ ही करीब 1,94,856 नशीली गोलियां, 76,258 कैप्सूल, 1,212 सीरप और 1,400 इंजेक्शन को भी नियमों के तहत डिस्पोज किया गया। पूरी प्रक्रिया पर्यावरणीय मानकों और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करते हुए की गई।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पुलिस की नारकोटिक्स सेल के निर्देश पर की गई। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान नशे के अवैध कारोबार को तोड़ने और युवाओं को इसके दुष्प्रभाव से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।