Home Chhattisgarh news राजधानी में ड्रग्स तस्करी का खुलासा: टेलर की 21 वर्षीय बेटी समेत 11 गिरफ्तार, खातों में लाखों के लेन-देन के सबूत

राजधानी में ड्रग्स तस्करी का खुलासा: टेलर की 21 वर्षीय बेटी समेत 11 गिरफ्तार, खातों में लाखों के लेन-देन के सबूत

0
राजधानी में ड्रग्स तस्करी का खुलासा: टेलर की 21 वर्षीय बेटी समेत 11 गिरफ्तार, खातों में लाखों के लेन-देन के सबूत

राजधानी पुलिस ने सोमवार-मंगलवार की रात बड़े पैमाने पर छापेमारी कर 11 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनसे कुल 6.42 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों में एक कपड़ा सिलने वाले टेलर की 21 साल की बेटी भी शामिल है। बताया जा रहा है कि गलत संगत में आने के बाद युवती ड्रग्स की लत में फंस गई और नशे के लिए पैसे जुटाने के मकसद से तस्करी शुरू कर दी। पुलिस जांच में उसके बैंक खाते में 35 से ज्यादा संदिग्ध लेन-देन मिले हैं, जो तस्करी से कमाए गए पैसों से जुड़े हैं।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कार्रवाई, पहले पकड़े गए तस्करों—पंजाब के लवजीत सिंह और राजनांदगांव के सुवित श्रीवास्तव—के बैंक खातों की जांच के बाद आगे बढ़ाई गई। अब तक इस केस में कुल 22 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार ज्यादातर आरोपी पहले खुद नशा करते थे और फिर तस्करी के जरिए मोटी कमाई करने लगे। कुछ और संदिग्धों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
अफजिया अख्तर उर्फ महक (21) नेहरू नगर, मोहम्मद जाहिद (33) संजय नगर, साहिल रजा (25) संजय नगर, मुजम्मिल खान उर्फ बाबा (30) ताजनगर, हुसैन खान उर्फ मुर्गी (32) गोकुल नगर, मोहम्मद फोरात अब्बास (22) मोमिन पारा, सैय्यद आसिफ अली (35) गोलबाजार, शिशिर राय (34) सुंदरनगर, रितुराज ठाकुर (34) हीरापुर, छत्रपति अम्भोरे उर्फ दद्दू (30) महावीर नगर और संतोष धनवानी (29) कटोरा तालाब।

खातों में लाखों का लेन-देन:
पुलिस ने बताया कि हर आरोपी के खाते में 35-40 संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिले हैं। इनमें 40 हजार से लेकर 3 लाख रुपये तक की राशि जमा हुई है। जांच में इनका सीधा कनेक्शन सुवित से सामने आया है, जिसे वे ड्रग्स के भुगतान के लिए पैसे भेजते थे।

राजातालाब के बाउंसरों पर शक:
पुलिस ने सैफ चिल्ला से जुड़े राजातालाब इलाके के कुछ बाउंसरों की तलाश शुरू की है। शक है कि ये लोग पब, बार, क्लब और होटल की सुरक्षा के बहाने ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े हैं। इनके पास कई फार्महाउस की सुरक्षा का जिम्मा भी है, जहां नाइट पार्टियां होती हैं।

खुद का नेटवर्क बना रखा था:
जांच में सामने आया है कि मुख्य तस्कर सुवित से ड्रग्स लेने वाले कई युवक-युवतियां अपना अलग नेटवर्क चला रहे थे। वे 1 से 3 ग्राम ड्रग्स लेते, आधा ग्राम खुद के लिए रखते और बाकी ऊंचे दाम पर बेचते थे। इस तरीके से उन्हें नशा और पैसा—दोनों मिल जाते थे। पुलिस ने ऐसे करीब 320 संदिग्धों की पहचान की है, जिनके बैंक खाते और सिम कार्ड ब्लॉक कर दिए गए हैं। तलाश जारी है।