छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इससे पहले उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले डेढ़ सालों में सभी वर्गों और क्षेत्रों के हित में व्यापक काम किए हैं।
स्वच्छता में मिली सफलता, कांग्रेस पर निशाना
अरुण साव ने केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के सात शहरों को स्वच्छता अवॉर्ड के लिए चुने जाने को राज्य सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने स्वच्छता अभियान में शामिल जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल में कांग्रेस विधानसभा, लोकसभा, उपचुनाव, पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव हार चुकी है। इससे कांग्रेस की वर्तमान स्थिति स्पष्ट है।
ओबीसी जनसंख्या पर विचार-विमर्श होगा
क्वांटिफिएबल डाटा आयोग की रिपोर्ट में ओबीसी वर्ग की आबादी लगभग सवा करोड़ होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस आंकड़े का गहन अध्ययन किया जाएगा, उसके बाद कोई निर्णय लिया जाएगा।