Home Chhattisgarh news रायगढ़ के जंगलों में करंट लगाकर शिकार की साजिश, वन विभाग ने समय रहते रोकी घटना

रायगढ़ के जंगलों में करंट लगाकर शिकार की साजिश, वन विभाग ने समय रहते रोकी घटना

0
रायगढ़ के जंगलों में करंट लगाकर शिकार की साजिश, वन विभाग ने समय रहते रोकी घटना

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बंगुरसिया के पश्चिम वन परिक्षेत्र में शिकारियों ने करीब 5 किलोमीटर तक खेतों और जंगलों में करंट युक्त तार बिछा दिए थे। इन तारों का उपयोग खासतौर पर जंगली सुअर को मारने के लिए किया गया था, लेकिन यह क्षेत्र हाथी प्रभावित भी है, जिससे हाथियों और ग्रामीणों की जान को भी खतरा था।

जानकारी के अनुसार, पड़ीगांव से लेकर कक्ष क्रमांक 914 तक तारों को फैला दिया गया था। यह पूरा इलाका हाथियों की सालभर आवाजाही वाला क्षेत्र माना जाता है। यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो किसी हाथी या ग्रामीण की जान भी जा सकती थी।

वन विभाग को जैसे ही गुरुवार, 7 अगस्त को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली, विभाग ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर दी और करंट लगे तारों को जब्त कर लिया। विभागीय टीम ने जंगल में पहुंचकर 11 केवी हाई वोल्टेज से जुड़े तारों को हटाया और मामले की जांच शुरू की।

5-6 लोगों की हो सकती है संलिप्तता

वन अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में करीब 5 से 6 शिकारी शामिल हो सकते हैं। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में शिकार के लिए करंट युक्त तार बिछाने की घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल वन विभाग आरोपियों की पहचान करने में जुटा हुआ है।

ग्रामीणों का मिला सहयोग

बंगुरसिया सर्किल प्रभारी प्रेमा तिर्की ने बताया कि यदि समय पर सूचना नहीं मिलती, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। विभाग की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों के सहयोग से खतरे को टाल दिया गया। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वन विभाग ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि वन्यजीवों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।