रायपुर। कांग्रेस नेता हसन आबिदी को अवैध वसूली के गंभीर आरोप में टिकरापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि आरोपी ने सरकारी कर्मचारियों और व्यापारियों को झूठे मामलों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देकर लाखों रुपये की वसूली की। अब इस घटनाक्रम के बाद कई पीड़ित थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
महिला पटवारी से 71 लाख की वसूली
पुलिस जांच में सामने आया है कि हसन आबिदी ने ACB और EOW का नाम लेकर एक महिला पटवारी और उसके पति से 71 लाख रुपये से अधिक की अवैध वसूली की थी। इतना ही नहीं, धमकी देकर उनकी जमीन भी अपने नाम करा ली थी। गुरुवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके।
प्रभावशाली नेताओं के साथ फोटो दिखाकर बनाता था दबाव
हसन आबिदी के कई प्रमुख नेताओं, यहां तक कि एक पूर्व मुख्यमंत्री के साथ भी तस्वीरें सामने आई हैं, जिनका उपयोग वह लोगों को डराने और अपने प्रभाव का झांसा देने में करता था। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, संपत्ति और अन्य लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है।
हाल के वर्षों में बढ़ी सक्रियता
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ वर्षों से राजनीतिक और सामाजिक रूप से अधिक सक्रिय हुआ था। पुलिस को शक है कि उसकी गतिविधियों में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। मामले की व्यापक जांच जारी है।