Home Chhattisgarh news रायपुर में कांग्रेस का गुप्त ट्रेनिंग कैंप: 100 युवा कार्यकर्ताओं को सिखाई जा रही ग्राउंड स्ट्रेटेजी, मोबाइल व फोटो पर सख्त पाबंदी

रायपुर में कांग्रेस का गुप्त ट्रेनिंग कैंप: 100 युवा कार्यकर्ताओं को सिखाई जा रही ग्राउंड स्ट्रेटेजी, मोबाइल व फोटो पर सख्त पाबंदी

0
रायपुर में कांग्रेस का गुप्त ट्रेनिंग कैंप: 100 युवा कार्यकर्ताओं को सिखाई जा रही ग्राउंड स्ट्रेटेजी, मोबाइल व फोटो पर सख्त पाबंदी

रायपुर के वीआईपी रोड स्थित एक होटल में कांग्रेस ने 12 अगस्त से विशेष और गोपनीय ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया है। यह तीन दिन का कैंप पूरी तरह मीडिया और सोशल मीडिया से दूर रखा गया है। इसमें प्रदेशभर से चुने गए 100 युवा कार्यकर्ता शामिल हैं, जिनमें अधिकतर ST, SC और OBC वर्ग के हैं। उद्देश्य है – युवाओं को संगठन में सक्रिय करना, संविधान और कानून की समझ देना और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से खड़ा होने की क्षमता विकसित करना।

कड़े नियम, मोबाइल फोन जब्त
गोपनीयता बनाए रखने के लिए कैंप में सभी प्रतिभागियों के मोबाइल फोन अलग रखवा दिए गए हैं। किसी को भी फोटो या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं है। होटल परिसर में बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है और हर सेशन पर कोर टीम की निगरानी है। होटल के बाहर से लेकर कॉन्फ्रेंस हॉल तक चुने हुए वॉलंटियर सुरक्षा में तैनात हैं।

सुबह से रात तक सेशंस
कैंप में रोजाना सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक ट्रेनिंग दी जा रही है। सेशन्स में पार्टी का इतिहास, आंदोलन की रणनीति, जनता के बीच मुद्दे उठाने के तरीके और सरकार के खिलाफ प्रभावी विरोध के गुर सिखाए जा रहे हैं। इसके साथ ही खेल, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए टीमवर्क और नेतृत्व कौशल भी विकसित किया जा रहा है।

वरिष्ठ नेता भी होंगे शामिल
कैंप को राहुल गांधी की टीम के गौरव जायसवाल और अभिषेक त्रिपाठी लीड कर रहे हैं, जो पहले भी उनके अभियानों में अहम भूमिका निभा चुके हैं। आज युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब भी कैंप में पहुंचकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।

बड़े आंदोलन की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, यह ट्रेनिंग सिर्फ संगठनात्मक मजबूती के लिए नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी का हिस्सा है। अंतिम दिन प्रतिभागियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां और विस्तृत ऐक्शन प्लान सौंपा जाएगा। माना जा रहा है कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के युवा विंग को सक्रिय करने की बड़ी रणनीति की शुरुआत है।