बिलासपुर। तीज पर्व के दिन मायके जा रही महिलाओं से वाहन चेकिंग के बहाने वसूली करने वाले हिर्री थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। शुरुआती दौर में पुलिस अधिकारियों ने टीआई का बचाव किया, लेकिन मामला जब डीजीपी अरुण देव गौतम तक पहुंचा, तो उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से टीआई अवनीश पासवान को निलंबित करने का आदेश दिया।

दरअसल, त्योहार को देखते हुए एसएसपी ने शहर और ग्रामीण इलाकों में अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने और वाहन चेकिंग की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए थे। साथ ही साफ कहा था कि जांच के दौरान महिलाओं और बुजुर्गों से शालीनता से पेश आया जाए। इसके बावजूद हिर्री थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने भोजपुरी टोल प्लाजा पर तीज मनाने मायके जा रही महिलाओं और उनके परिजनों को रोककर जुर्माना वसूला। इस दौरान कई महिलाएं पुलिस से गुहार लगाती रहीं, पर किसी ने सुनवाई नहीं की। वहीं तेज रफ्तार से भागने वाले वाहन पुलिस की पकड़ से बाहर रहे।

शुरुआत में अफसरों ने दावा किया कि किसी महिला को परेशान नहीं किया गया, मगर वीडियो और शिकायतें सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। जब खबर डीजीपी तक पहुंची तो उन्होंने नाराजगी जताई और कार्रवाई के निर्देश दिए।
अब इस निलंबन पर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। डिप्टी सीएम अरुण साव के समर्थकों का कहना है कि “तिजहारिन बहनों को परेशान करने वाले टीआई को हमने ही निलंबित कराया।” समर्थकों ने पोस्टर बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करना भी शुरू कर दिया है।