बिलाईगढ़ जिलेके टुंडरी गांव में हरेली त्योहार के दौरान नारियल फेंक प्रतियोगिता में हार-जीत को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घर में घुसकर मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पकड़ा। इन सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के दिशा-निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे और अनुविभागीय अधिकारी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी गोपाल साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई की रात करीब 8 बजे गांव में आयोजित नारियल फेंक प्रतियोगिता में वह कृष्णा साहू से 10 हजार रुपये हार गया था। रकम बाद में देने की बात तय हुई थी, लेकिन इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद कृष्णा कुमार साहू (45), विष्णु उर्फ मोनू साहू (43), चंद्रकांत उर्फ चिंटू (23) और जयकांत उर्फ छोटू साहू (22), सभी निवासी टुंडरी वार्ड नंबर 13, को गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।