छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम दिल्ली से अपने पहले विदेश दौरे पर रवाना होंगे। यह दौरा जापान और दक्षिण कोरिया का है, जहां वे उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे प्रदेश की नई औद्योगिक नीति प्रस्तुत करेंगे और इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग समेत कई सेक्टरों में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।
सीएम साय ने मीडिया से चर्चा में बताया कि वे सबसे पहले जापान के ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में शामिल होंगे। इस एक्सपो का मुख्य फोकस इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर है। मुख्यमंत्री का कहना है कि इन क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ में व्यापक संभावनाएं हैं और सरकार चाहती है कि विदेशी निवेशक यहां आकर कारोबार स्थापित करें।
मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कौशल्या देवी साय और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी इस दौरे पर जा रहे हैं। दिल्ली में वे पहले वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल उनके साथ दिल्ली पहुंचे, जबकि मंत्री गजेंद्र यादव और गुरु खुशवंत साहेब ने उन्हें विदा किया।
तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विकास पर जोर
इस दौरे में निवेश बढ़ाने के साथ तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विकास के नए मॉडल पर भी चर्चा होगी। सरकार की प्राथमिकता इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, खाद्य प्रसंस्करण और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को बढ़ावा देना है।
जापान यात्रा के बाद मुख्यमंत्री का दल दक्षिण कोरिया जाएगा, जहां वे औद्योगिक साझेदारी, तकनीकी हस्तांतरण और लॉजिस्टिक्स सुधार से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। वहां वे स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और अधोसंरचना विकास से संबंधित निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता देंगे।
विदेशी निवेश से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश करने वाले उद्यमियों को भूमि, बिजली और मानव संसाधन सहित सभी सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा नए निवेश का मार्ग प्रशस्त करेगा और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
अब तक हुए निवेश
-
नई औद्योगिक नीति के तहत पावर सेक्टर में 3 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
-
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और रायपुर में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट के दौरान कुल 6.65 लाख करोड़ रुपए के प्रस्ताव आए।
-
राज्य में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का भूमिपूजन किया गया है, जो 1,100 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित होगी।
-
नवा रायपुर में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी का कैंपस भी बनने जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत 271 करोड़ रुपए है। इससे युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे।
बतौर मुख्यमंत्री यह विष्णुदेव साय का पहला विदेश दौरा है, जिसे लेकर न केवल उद्योग जगत बल्कि प्रदेश की जनता को भी बड़ी उम्मीदें हैं।