Home Chhattisgarh news सीएम विष्णुदेव साय का जापान-दक्षिण कोरिया दौरा: निवेशकों को छत्तीसगढ़ बुलाने की तैयारी

सीएम विष्णुदेव साय का जापान-दक्षिण कोरिया दौरा: निवेशकों को छत्तीसगढ़ बुलाने की तैयारी

0
सीएम विष्णुदेव साय का जापान-दक्षिण कोरिया दौरा: निवेशकों को छत्तीसगढ़ बुलाने की तैयारी

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को 10 दिवसीय विदेश यात्रा पर जापान और दक्षिण कोरिया रवाना हुए। इस दौरे का उद्देश्य राज्य में निवेश आकर्षित करना है। मुख्यमंत्री वहां इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र से जुड़े उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे तथा उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों के लिए आमंत्रित करेंगे।

नई दिल्ली से प्रस्थान करने से पहले मीडिया से चर्चा में साय ने कहा कि वे प्रदेश की नई औद्योगिक नीति को लेकर विदेश जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अपार संभावनाएं हैं और सरकार चाहती है कि विदेशी कंपनियां यहां आकर निवेश करें।

इस यात्रा के दौरान वे जापान के ओसाका में होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे, जहां इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर पर विशेष फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कौशल्या देवी साय और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

साय की यात्रा का पहला चरण टोक्यो होगा, जहां 22 से 24 अगस्त तक प्रतिनिधिमंडल जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट और बिजनेस मीटिंग में हिस्सा लेगा। इसके बाद 25 और 26 अगस्त को वे ओसाका में वर्ल्ड एक्सपो में भाग लेंगे और छत्तीसगढ़ में निवेश संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

दौरे का अंतिम चरण दक्षिण कोरिया का होगा। 27 से 29 अगस्त तक सियोल में मुख्यमंत्री निवेशक गोलमेज बैठकों, कोरिया की शीर्ष कंपनियों से मुलाकात और सेक्टर आधारित संवाद में भाग लेंगे। इस दौरान औद्योगिक साझेदारी, तकनीकी हस्तांतरण और लॉजिस्टिक्स सुधार पर बातचीत होगी। सरकार को उम्मीद है कि इससे राज्य में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और अधोसंरचना विकास के नए अवसर पैदा होंगे।