Home Chhattisgarh news दुर्ग में बच्चा चोरी और तस्करी का खुलासा: 9 माह के मासूम को 7 लाख में बेचा, पुलिस ने पटना से सकुशल बरामद किया

दुर्ग में बच्चा चोरी और तस्करी का खुलासा: 9 माह के मासूम को 7 लाख में बेचा, पुलिस ने पटना से सकुशल बरामद किया

0
दुर्ग में बच्चा चोरी और तस्करी का खुलासा: 9 माह के मासूम को 7 लाख में बेचा, पुलिस ने पटना से सकुशल बरामद किया

दुर्ग पुलिस ने एक सनसनीखेज बच्चे की तस्करी के मामले का खुलासा किया है। 9 महीने के मासूम को पटना से सुरक्षित बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पीड़िता की रिश्तेदार भी शामिल है।

कैसे हुई वारदात
20 जून 2025 को पीड़िता को उसकी रिश्तेदार संगनी बाई और सहयोगी संतोष पाल ने फोन कर बुलाया। महिला अपने शिशु के साथ दुर्ग से कोरगांव होते हुए पटना पहुंची। वहां आरोपियों ने उसे किराए के मकान में रखा। 8 जुलाई को उसे छत्तीसगढ़ वापस भेजने के बहाने आरा रेलवे स्टेशन ले जाया गया। इस दौरान दानापुर स्टेशन पर भोजन लाने का बहाना कर आरोपी महिला से बच्चा छीनकर फरार हो गए।

शिकायत और कार्रवाई
बच्चे के गायब होने पर महिला दुर्ग लौट आई और महिला थाना सेक्टर-6 में शिकायत दर्ज कराई। 25 जुलाई को केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। एक टीम ने संगनी बाई को कोरगांव से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी टीम को बिहार भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी और तस्करी का सौदा
पुलिस ने नालंदा, पटना, भदौर और तारतर से चार और आरोपियों – संतोष पाल, प्रदीप कुमार, डॉ. बादल उर्फ मिथलेश और गौरी महतो – को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि मासूम को 7 लाख रुपए में बेचा गया था। इस रकम में से संतोष पाल को 3 लाख, जबकि प्रदीप और डॉ. बादल को 2-2 लाख मिले। गौरी महतो भी इस सौदे में शामिल थी।

फिलहाल सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और बच्चे को उसकी मां को सुरक्षित लौटा दिया गया है।