श्रावण मास के तीसरे सोमवार को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर में भक्तिभाव का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। आसमान से बरसते फूलों के बीच “हर हर महादेव” के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह ही भोरमदेव पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं और शिव भक्तों पर फूलों की वर्षा की। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब मुख्यमंत्री ने स्वयं इस अनोखे अंदाज़ में भक्तों का स्वागत किया।
श्रावण मास में भोरमदेव मंदिर की विशेष मान्यता है। इस मौके पर कबीरधाम, राजनांदगांव, बेमेतरा, बलौदा बाजार, बिलासपुर, मुंगेली और अन्य जिलों से हजारों की संख्या में कांवड़िए जल लेकर भगवान शिव को अर्पित करने यहां पहुंचे। अमरकंटक से मां नर्मदा के जल के साथ पदयात्रा करते हुए ये श्रद्धालु भोरमदेव पहुंचते हैं।
प्रशासन की ओर से भक्तों के लिए भोजन, चिकित्सा, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।