Home Chhattisgarh news मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को सौंपे 48 नए वाहन, उड़नदस्ता दल की क्षमता में होगी वृद्धि

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को सौंपे 48 नए वाहन, उड़नदस्ता दल की क्षमता में होगी वृद्धि

0
मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को सौंपे 48 नए वाहन, उड़नदस्ता दल की क्षमता में होगी वृद्धि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग के उड़नदस्ता दल को 48 नवीन वाहन सौंपे। अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विभाग के निरीक्षकों को वाहन चाबियां प्रदान कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क परिवहन को सुरक्षित, सरल और अनुशासित बनाने के लिए लगातार ठोस प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन उन्नत वाहनों के जरिए उड़नदस्ता दल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शीघ्र कार्रवाई कर सकेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में गिरावट आएगी और यातायात नियंत्रण बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि इन वाहनों की तैनाती से ट्रैफिक नियमों को लेकर आम जनता में जागरूकता भी बढ़ेगी और दूरस्थ क्षेत्रों में भी निगरानी और त्वरित कार्रवाई संभव होगी। यह पहल राज्य की सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम है।

मुख्यमंत्री साय ने नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम जनता की सहभागिता से ही एक सुरक्षित और संवेदनशील सड़क परिवेश का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, परिवहन सचिव सह आयुक्त एस. प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।