Home Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया मान: भाटापारा की दामिनी देवांगन बनीं मिस इंडिया यूनिवर्स 2025

छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया मान: भाटापारा की दामिनी देवांगन बनीं मिस इंडिया यूनिवर्स 2025

0
छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया मान: भाटापारा की दामिनी देवांगन बनीं मिस इंडिया यूनिवर्स 2025

बलौदाबाजार , छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र की रहने वाली दामिनी देवांगन ने मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता गोवा के कैडोलिम बीच स्थित होटल सोनैस्टा इन में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर की प्रतिभाओं को पीछे छोड़ते हुए दामिनी ने यह मुकाम हासिल किया।

ग्राम करही बाजार निवासी दामिनी का ताल्लुक एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से है। उनके पिता नारायण देवांगन एक छोटी दुकान चलाते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। दामिनी फिलहाल एमबीए के अंतिम वर्ष की छात्रा हैं और फार्मासिस्ट होने के साथ-साथ मेकअप आर्टिस्ट भी हैं। मॉडलिंग को उन्होंने अपने जुनून के रूप में अपनाया और जनवरी 2025 से प्रोफेशनल मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा।

दामिनी की इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक इन्द्र साव ने उनके घर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दामिनी को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। विधायक ने कहा कि एक सामान्य परिवार की बेटी का इस मुकाम तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

मिस छत्तीसगढ़ का खिताब जीतने के बाद अब दामिनी का अगला लक्ष्य मिस वर्ल्ड का खिताब है। उनका सपना है कि वे एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रोफेशनल रनवे मॉडल बनें, एड और ब्रांड शूट्स करें और किसी नामी ब्रांड की ब्रांड एंबेसडर बनें।

परिवार और क्षेत्रवासियों के सहयोग से दामिनी आज सफलता की ऊंचाइयों को छू रही हैं और छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय पटल पर सशक्त रूप से स्थापित कर रही हैं।