Home Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ में वोट चोरी पर सियासत गरमाई, कांग्रेस ने जांच के दिए निर्देश

छत्तीसगढ़ में वोट चोरी पर सियासत गरमाई, कांग्रेस ने जांच के दिए निर्देश

0
छत्तीसगढ़ में वोट चोरी पर सियासत गरमाई, कांग्रेस ने जांच के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में वोट चोरी का मुद्दा एक बार फिर से सुर्खियों में है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने जिला, शहर, नगर और ब्लॉक स्तर की कमेटियों को पत्र जारी कर मतदाता सूची की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशों में कहा गया है कि स्थानीय कार्यकर्ता वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण कर उसमें मौजूद गड़बड़ियों को चिन्हित करें और रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय को भेजें। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि रिपोर्ट आने के बाद वह सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी कर सकती है।

कांग्रेस ने जांच के लिए तय किए 5 बिंदु

  1. डुप्लीकेट वोटर – एक ही नाम अलग-अलग वार्डों में दर्ज तो नहीं।

  2. फर्जी पते – ऐसे पते जहां कोई निवासरत नहीं, लेकिन नाम दर्ज है।

  3. एक ही पते पर असामान्य संख्या में मतदाता।

  4. गलत तस्वीर वाले वोटर।

  5. फॉर्म-6 का दुरुपयोग।

भाजपा विधायकों पर डबल वोटर आईडी का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि भाजपा विधायक राजेश मूणत और संपत अग्रवाल का नाम दो-दो विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज है। साथ ही, उनके पास डबल EPIC नंबर भी हैं।

  • राजेश मूणत का नाम रायपुर पश्चिम और रायपुर उत्तर दोनों सीटों की वोटर लिस्ट में है। दोनों जगह दिए गए EPIC नंबर और उम्र अलग-अलग हैं।

  • संपत अग्रवाल का नाम रायपुर दक्षिण और बसना सीट पर दर्ज है। इनके परिवार के सदस्यों के डबल वोटर आईडी नंबर होने की भी बात कही गई।

संदेहास्पद सीटें

कांग्रेस ने दावा किया कि 2023 चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच केवल 4% वोटों का अंतर था। इनमें से 5 सीटें ऐसी थीं जहां भाजपा 5000 से कम वोटों से जीती—कांकेर (16 वोट), अंबिकापुर (94 वोट), पत्थलगांव (255 वोट), पाली-तनाखार (714 वोट) और भरतपुर-सोनहत (4919 वोट)। कुल 18 सीटों पर 15 हजार से कम वोटों का अंतर रहा, जिन्हें संदिग्ध बताया जा रहा है।

भूपेश बघेल और राहुल गांधी का आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर एक ही व्यक्ति के नाम दो-दो जगह दर्ज हैं। उन्होंने कुरुद क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां लगभग 250 वोटर अभनपुर में भी दर्ज पाए गए।

वहीं, राहुल गांधी ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर भाजपा के साथ मिलकर चुनाव चोरी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि मशीन रीडेबल वोटर लिस्ट न देना और संदिग्ध वोटरों का शामिल होना गड़बड़ी की ओर इशारा करता है।