रायपुर-जांजगीर में अलग-अलग दुर्घटनाएँ, परिवारों में मातम
रायपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। एक मामले में तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से जा टकराई, जबकि दूसरे में बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

रायपुर: बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर मौत
गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में रात करीब 9.15 बजे नवागांव-रायपुर मार्ग पर हादसा हुआ। नवागांव निवासी डेमन साहू (40) और जितेंद्र ध्रुव (40) बाइक से लौट रहे थे। सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेतक के खड़ा लोहे से भरा ट्रक उन्हें दिख नहीं पाया और बाइक उसके पिछले हिस्से से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दोस्तों के सिर फट गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार दोनों ही अपने परिवारों में अकेले कमाने वाले थे। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक की लापरवाही पर सवाल उठाए। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

जांजगीर-चांपा: स्कूटी और बाइक की टक्कर, एक युवक की मौत
उसी दिन शाम को पामगढ़ थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी के पास स्कूटी और बाइक आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना में अजीत कश्यप (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बिलासपुर सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बाइक सवार उमेंद्र पटेल और उसके बेटे शंकर पटेल, साथ ही स्कूटी चालक युवराज साहू (28) भी घायल हुए हैं। सभी का इलाज सीएचसी पामगढ़ में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।