छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि राज्य की दो होनहार बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने जा रही हैं। बीजापुर जिले की चंद्रकला तेलम और पामगढ़ की शालू डहरिया को भारतीय महिला सॉफ्टबॉल टीम में शामिल किया गया है। यह टीम 14 से 20 जुलाई तक चीन के शियान शहर में आयोजित होने वाली एशिया कप सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में भाग लेगी।
भारतीय टीम के कोच के रूप में बीजापुर जिले के श्रम निरीक्षक सोपान कर्णेवार को चुना गया है, जिन्होंने पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग दी है। उनके मार्गदर्शन में अब तक 147 खिलाड़ी राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।
चंद्रकला तेलम ने इस उपलब्धि के लिए कई चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने अनंतपुर, नागपुर और श्रीनगर में ट्रायल्स दिए, फिर इंदौर में विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। इसके बाद श्रीनगर और दिल्ली में टीम के साथ विशेष तैयारी की, और अब 13 जुलाई को चीन के लिए रवाना होंगी।
बीजापुर कलेक्टर संबित मिश्रा और खेल प्रभारी नारायण गवेल ने इस उपलब्धि पर चंद्रकला और कोच कर्णेवार को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।