Home Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ की बेटियां अनिशा और गीता दिखाएंगी अर्जेंटीना में अपना दमखम, जूनियर इंडिया टीम में चयन

छत्तीसगढ़ की बेटियां अनिशा और गीता दिखाएंगी अर्जेंटीना में अपना दमखम, जूनियर इंडिया टीम में चयन

0
छत्तीसगढ़ की बेटियां अनिशा और गीता दिखाएंगी अर्जेंटीना में अपना दमखम, जूनियर इंडिया टीम में चयन

छत्तीसगढ़ की दो उभरती हुई हॉकी खिलाड़ी अनिशा साहू और गीता यादव को जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी अर्जेंटीना के रोसारियो में 25 मई से 2 जून 2025 तक आयोजित होने वाले फोर नेशंस हॉकी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा अर्जेंटीना, उरुग्वे और चिली की टीमें हिस्सा लेंगी।

वर्ल्ड कप की तैयारी का अहम पड़ाव

यह टूर्नामेंट आगामी जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2025 की तैयारियों के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसमें 24 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन दिसंबर में होने वाले एफआईएच जूनियर वर्ल्ड कप के लिए किया जाएगा।

अनुभवी खिलाड़ी हैं अनिशा और गीता

अनिशा साहू पिछले चार वर्षों से जूनियर टीम का हिस्सा रही हैं, जबकि गीता यादव ने पिछले दो सालों में अपने प्रदर्शन के दम पर टीम में मजबूत जगह बनाई है। इससे पहले अनिशा बेल्जियम, नीदरलैंड और जर्मनी जैसे देशों का दौरा कर चुकी हैं। यह उनका भारतीय टीम के साथ तीसरा अंतरराष्ट्रीय दौरा होगा। वहीं गीता भी नीदरलैंड और बेल्जियम में खेल चुकी हैं।

छत्तीसगढ़ की गौरवशाली भागीदारी

छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि टूर्नामेंट में भारत प्रत्येक टीम के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगा जिससे रणनीतियों की जांच और टीम संयोजन का मूल्यांकन किया जा सके। छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि गीता यादव कबीरधाम जिले के ग्राम बोड़ला की निवासी हैं और उन्होंने खेलो इंडिया सेंटर बहतराई, बिलासपुर में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

टूर्नामेंट में भारत का पहला मुकाबला चिली के खिलाफ खेला जाएगा।

यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है और राज्य की बेटियों की मेहनत तथा प्रतिभा का प्रमाण भी।