छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और दूर-दराज के क्षेत्रों में अब डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्र सरकार की योजना के तहत भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) द्वारा इन इलाकों में 4000 नए मोबाइल टॉवर लगाए जाएंगे। यह जानकारी केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं दूरसंचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने रायपुर में दी।
उन्होंने बताया कि टावरों की स्थापना चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों और वन विभाग से आवश्यक अनुमति ली जा रही है। मंत्री ने रायपुर में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में इन योजनाओं की समीक्षा की, जिसमें ग्रामीण विकास, डाक और दूरसंचार विभागों के अधिकारी तथा बीएसएनएल के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।
गांवों के विकास पर संतोष, योजनाओं की सराहना
बैठक के दौरान डॉ. शेखर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और अन्य ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचे और आवास सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात, विकास कार्यों पर चर्चा
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंत्री डॉ. शेखर ने उनके निवास में मुलाकात की और राज्य में चल रहे केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से माओवाद प्रभावित इलाकों में संचार सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने और विकास कार्यों को गति देने के मुद्दों पर बातचीत हुई।
मिशन मोड में काम, घर-घर पहुंचेगी सेवा
डॉ. शेखर ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरकार मिशन मोड में काम कर रही है और सेवाओं को लोगों के दरवाजे तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में स्कूलों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि छात्र ऑनलाइन माध्यम से जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। साथ ही दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है, जो सरकार की समावेशी सोच को दर्शाता है।
इस पहल से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में न केवल संचार व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि शिक्षा और अन्य मूलभूत सेवाओं में भी व्यापक सुधार की उम्मीद की जा रही है।