Home Political news BJP news भाजपा के नए पदाधिकारियों की रायपुर में होगी विशेष बैठक, शिव प्रकाश और नितिन नबीन देंगे मार्गदर्शन

भाजपा के नए पदाधिकारियों की रायपुर में होगी विशेष बैठक, शिव प्रकाश और नितिन नबीन देंगे मार्गदर्शन

0
भाजपा के नए पदाधिकारियों की रायपुर में होगी विशेष बैठक, शिव प्रकाश और नितिन नबीन देंगे मार्गदर्शन

छत्तीसगढ़ भाजपा 31 अगस्त को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक बड़ी बैठक आयोजित करने जा रही है। इस बैठक में पार्टी के सभी नए पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्य और आगे की रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और नए पदाधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली को लेकर मार्गदर्शन देंगे। इस कार्यक्रम में 476 मंडल अध्यक्ष, 36 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष और प्रकोष्ठ संयोजक शामिल होंगे।

पूरे दिन चलेगी बैठक

पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह बैठक सुबह से शाम तक चलेगी। इसमें पदाधिकारियों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ दिलाने की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।

बड़े नेता भी रहेंगे शामिल

बैठक की पुष्टि डिप्टी सीएम अरुण साव ने की है। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

संगठन का विस्तार और नई जिम्मेदारियां

प्रदेश भाजपा ने हाल ही में सदस्यता अभियान चलाकर 60 लाख से अधिक नए सदस्य जोड़े हैं। इसके बाद बूथ स्तर तक चुनाव कराए गए। संगठन ने पहले मौजूद 405 मंडलों को बढ़ाकर 476 कर दिया है, वहीं 35 जिलों में एक नया जिला बिलासपुर ग्रामीण जोड़कर कुल जिलों की संख्या 36 कर दी गई है।

इस बार मंडलों और जिलों में बड़ी संख्या में नए चेहरों को पदाधिकारी बनाया गया है। सिर्फ रायपुर ग्रामीण जिला ऐसा है, जहां पुराने अध्यक्ष को फिर से जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

इस बैठक का उद्देश्य प्रदेश में भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है। राष्ट्रीय स्तर से आए नेताओं के मार्गदर्शन में पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज की बारीकियां सिखाई जाएंगी और आने वाले कार्यक्रमों व चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी।