बिलासपुर, 8 अगस्त 2025 – कोनी थाना क्षेत्र में स्थित आरके मेडिकल स्टोर में प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर स्टोर को सील कर दिया। जांच के दौरान पाया गया कि संचालक की अनुपस्थिति में स्टोर का संचालन एक केयरटेकर कर रहा था, जो आवश्यक दस्तावेज और लाइसेंस दिखाने में असमर्थ रहा।

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत बिलासपुर शहर के तीन अलग-अलग मेडिकल स्टोर्स पर एक साथ छापेमारी की गई। इनमें से दो स्टोर्स – श्री गणेश मेडिकल स्टोर और श्रद्धा मेडिकल स्टोर – जांच में सही पाए गए। इन दुकानों में न तो प्रतिबंधित दवाएं मिलीं, और न ही दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी पाई गई। श्री गणेश मेडिकल स्टोर के दीपक सोनवानी और श्रद्धा मेडिकल स्टोर की संचालिका निशा सिंह खुद मौके पर मौजूद थीं।
लेकिन सेंदरी स्थित अस्पताल के सामने संचालित आरके मेडिकल में संचालक के नहीं होने और दस्तावेज पेश न कर पाने पर औषधि निरीक्षक ने स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवाइयों की बिक्री न की जाए। साथ ही, युवाओं को प्रतिबंधित दवाएं बेचने पर NDPS एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
शहर में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें संबंधित विभागों की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ शामिल रहीं।