जांजगीर-चांपा, अकलतरा: जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के कोटमीसोनार गांव में रविवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। अवैध प्रेम संबंधों के चलते एक युवक ने अपनी प्रेमिका के पति की बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना अकलतरा नगर के वार्ड क्रमांक 6 की है, जहां दोपहर करीब 2 बजे आरोपी युवक स्कूटी से गांव आया और मौका पाकर अमरनाथ केंवट नामक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का अमरनाथ की पत्नी से अवैध संबंध था।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अमरनाथ को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या में प्रयुक्त कुदाल (गैती) भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
घटना के बाद अकलतरा टीआई भास्कर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कुछ ही घंटों में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अब आरोपी युवक और मृतक की पत्नी दोनों से पूछताछ कर रही है।
गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाने की बात कह रही है।