रायपुर, 25 अगस्त – राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में रविवार देर रात अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब 11 बजे सुरक्षाकर्मियों ने एयरपोर्ट परिसर में एक संदिग्ध लावारिश बैग देखा। बैग पर बेल्ट्स बंधी हुई थीं, जिसके चलते तुरंत बम होने की आशंका जताई गई।

एयरपोर्ट सुरक्षा दल और माना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यात्रियों व स्टाफ को सतर्क किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से सभी को बैग से दूर रखा गया और जांच की प्रक्रिया शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक जांच-पड़ताल चलती रही। जब बैग को खोला गया, तो उसमें सामान्य यात्री का सामान मिला। इससे सभी ने राहत की सांस ली।
हालांकि थोड़ी देर बाद पता चला कि यह पूरा घटनाक्रम दरअसल एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से कराई गई मॉकड्रिल थी। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों और सुरक्षा व्यवस्था की तत्परता परखने के लिए यह अभ्यास देर रात किया गया था।
बताया जा रहा है कि हाल ही में देशभर के कई हवाई अड्डों को बम धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। इसी को देखते हुए रायपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए मॉकड्रिल करवाई गई। इस वजह से रात करीब 12 बजे तक एयरपोर्ट परिसर में अलर्ट का माहौल बना रहा।