Home Chhattisgarh news Bastar news मैनपाट में भाजपा का प्रशिक्षण शिविर: VIP मेहमान लेंगे सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद, सुरक्षा के खास इंतजाम

मैनपाट में भाजपा का प्रशिक्षण शिविर: VIP मेहमान लेंगे सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद, सुरक्षा के खास इंतजाम

0
मैनपाट में भाजपा का प्रशिक्षण शिविर: VIP मेहमान लेंगे सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद, सुरक्षा के खास इंतजाम

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के मैनपाट में 7 से 9 जुलाई तक भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शिविर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत पार्टी के कई शीर्ष नेता शामिल होंगे।

रहने-सहने से लेकर सुरक्षा तक पुख्ता इंतजाम
शिविर में भाग लेने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए मैनपाट के प्रमुख रिसॉर्ट्स — करमा और शैला — को खासतौर पर सजाया जा रहा है। वहीं, जेपी नड्डा, अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान के लिए फॉरेस्ट रेस्ट हाउस को पूरी तरह से री-डिज़ाइन किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी रायपुर और भोपाल की नामी इवेंट कंपनियों को दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय PWD के रेस्ट हाउस में रुकेंगे, जबकि संगठन मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता अलग-अलग स्थानों पर ठहरेंगे। कुल मिलाकर 150 से अधिक कमरे बुक किए जा चुके हैं, और अंबिकापुर तक के रेस्ट हाउसों को भी रिजर्व में रखा गया है।

कम्युनिटी हॉल बनेगा ट्रेनिंग सेंटर, सुरक्षा रहेगी टाइट
कैंप नम्बर एक में स्थित फेंदेलिंग कम्युनिटी हॉल को शिविर का मुख्य केंद्र बनाया गया है, जहां मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज़ से हॉल के 500 मीटर के दायरे में आमजनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सभी प्रतिनिधियों को बसों के जरिए लाया और ले जाया जाएगा।

संगठन और सरकार के दिग्गज होंगे मौजूद
शिविर का उद्घाटन भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जबकि समापन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में होगा। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान, बीएल संतोष, शिव प्रकाश जैसे संगठन के दिग्गज भी मौजूद रहेंगे और मार्गदर्शन देंगे। अंतिम दिन जिला पंचायत सदस्यों और महापौरों को भी शामिल किया जाएगा।

सरगुजा की थाली से VIP मेहमानों का स्वागत
शिविर में मेहमानों को सरगुजा की खास पहचान से रूबरू कराया जाएगा। पुटू, कोचई पत्ता की सब्ज़ी, पुआ रोटी, लकड़ा चटनी और पेज भात जैसे पारंपरिक व्यंजन विशेष रूप से तैयार किए जा रहे हैं। युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने बताया कि सरगुजा की सांस्कृतिक पहचान वाले सभी प्रमुख पकवान मेन्यू में शामिल किए जाएंगे।

मैनपाट बनेगा अगले दो दिन तक सियासी केंद्र
जिस स्तर पर तैयारियां चल रही हैं और जिस तरह से संगठन के वरिष्ठ नेता जुट रहे हैं, उससे साफ है कि मैनपाट आगामी दो दिन भाजपा की रणनीति और सांगठनिक सुदृढ़ता का केंद्र बनने वाला है।