Home Political news BJP news BJP का चिंतन शिविर: मैनपाट में सांसदों-विधायकों की क्लास, संगठन-सत्ता के तालमेल पर मिलेगा प्रशिक्षण

BJP का चिंतन शिविर: मैनपाट में सांसदों-विधायकों की क्लास, संगठन-सत्ता के तालमेल पर मिलेगा प्रशिक्षण

0
BJP का चिंतन शिविर: मैनपाट में सांसदों-विधायकों की क्लास, संगठन-सत्ता के तालमेल पर मिलेगा प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ में जुलाई के पहले सप्ताह में भारतीय जनता पार्टी अपने सांसदों, मंत्रियों और विधायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रही है। यह शिविर 7 जुलाई से 9 जुलाई तक मैनपाट में होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस प्रशिक्षण में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अंतिम दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।

संगठन-सत्ता के समन्वय पर फोकस
शिविर का उद्देश्य पार्टी के जनप्रतिनिधियों को भाजपा की विचारधारा, कार्यशैली और शासन-संगठन के बीच समन्वय स्थापित करने के तरीकों से अवगत कराना है। वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री यह बताएंगे कि सत्ता में रहते हुए संगठन से कैसे तालमेल बनाए रखना है और जनसंपर्क को कैसे मजबूत किया जाए।

मंत्रियों की परफॉर्मेंस पर नजर
साय सरकार के मंत्रियों के प्रदर्शन की हर महीने समीक्षा की जा रही है और रिपोर्ट सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच रही है। जिन मंत्रियों की परफॉर्मेंस कमजोर मानी जा रही है, उन्हें चेतावनी दी गई है कि वे अपना कामकाज सुधारें। उन्हें जनता और कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क में रहने, क्षेत्रीय दौरे बढ़ाने और केवल बंगलों तक सीमित न रहने की हिदायत दी गई है।

भाजपा कार्यालय में सुनवाई बंद, बढ़ा असंतोष
भाजपा कार्यालय में पहले आम लोगों और कार्यकर्ताओं की शिकायतों के लिए ‘दरबार’ लगाया जाता था, लेकिन अब वह बंद हो चुका है। इससे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नाराजगी बढ़ी है क्योंकि उन्हें अब अपनी समस्याएं सीधे मंत्रियों तक पहुंचाने का अवसर नहीं मिल रहा।

कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर फोकस
सूत्रों के अनुसार, पार्टी संगठन को लगातार कुछ मंत्रियों के खिलाफ कार्यकर्ताओं की शिकायतें मिल रही हैं। इसे देखते हुए भाजपा ने आंतरिक सर्वे शुरू कर दिया है ताकि वास्तविक स्थिति का पता चल सके। संगठन ने साफ संकेत दिए हैं कि समय रहते कार्यशैली नहीं सुधारी गई तो परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।