Home Chhattisgarh news रायपुर में भाजपा की बड़ी बैठक: शिव और नितिन दे रहे मार्गदर्शन, 476 मंडल और 36 संगठन के पदाधिकारी हुए शामिल

रायपुर में भाजपा की बड़ी बैठक: शिव और नितिन दे रहे मार्गदर्शन, 476 मंडल और 36 संगठन के पदाधिकारी हुए शामिल

0
रायपुर में भाजपा की बड़ी बैठक: शिव और नितिन दे रहे मार्गदर्शन, 476 मंडल और 36 संगठन के पदाधिकारी हुए शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन की राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश भाजपा के नए पदाधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना है।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, लता उसेंडी, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

इस कार्यशाला में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज, जिम्मेदारियों और दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में 476 मंडलों और 36 संगठन जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सभी मोर्चों के अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के संयोजक शामिल हुए।

बैठक पूरी दिन चलेगी
बीजेपी के पदाधिकारियों के अनुसार, यह बैठक पूरे दिन चलेगी। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार और उनके लाभ जनता तक पहुंचाने के तरीके पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सदस्यता अभियान और संगठन का विस्तार
भाजपा ने हाल ही में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाकर 60 लाख नए सदस्यों को जोड़ा। इसके बाद संगठन ने बूथ स्तर पर चुनाव कराए। पहले प्रदेश में 405 मंडल थे, जिन्हें बढ़ाकर 476 कर दिया गया है। इसी तरह 35 संगठन जिलों की संख्या को बढ़ाकर 36 किया गया, जिसमें बिलासपुर ग्रामीण को नया जिला बनाया गया।

नए चेहरों को जिम्मेदारी
इस बार कई मंडलों और जिलों में नए नेताओं को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केवल रायपुर ग्रामीण जिला ऐसा है, जहां पुराने अध्यक्ष को फिर से मौका मिला।

संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की रणनीति
भाजपा का मानना है कि यह बैठक संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों तथा चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय स्तर के नेता कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यों की बारीकियां समझाएंगे और आगामी कार्यक्रमों पर रणनीति पर चर्चा करेंगे।