रायपुर की राजनीति मंगलवार को गरमाने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ कांग्रेस के एक मंच से कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा आज सड़कों पर उतरेगी।
बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता दोपहर 1 बजे बीटीआई मैदान में एक बड़ी सभा करेंगी। इसके बाद जुलूस की शक्ल में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन की ओर कूच किया जाएगा। विरोध जताने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को काली साड़ी या काले कपड़े पहनने के निर्देश दिए गए हैं।

कांग्रेस भी मैदान में उतरेगी
इस विरोध को देखते हुए कांग्रेस महिला संगठन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार महिला कार्यकर्ताओं को राजीव भवन में एकजुट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौके पर बीजेपी महिला मोर्चा की हर गतिविधि का जवाब दिया जा सके।

कांग्रेस प्रवक्ता का पलटवार
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछना चाहिए, जिन्होंने पहले महिलाओं के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा—
“विधवा महिलाओं का अपमान करने वाले, महिलाओं को 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड कहने वाले नरेंद्र मोदी का पहले विरोध कीजिए। कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करती है, किसी का अपमान नहीं।”