राजधानी रायपुर के बिरगांव स्थित नागेश्वर नगर से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी मां की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी, वहीं पत्नी को भी बुरी तरह से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ऑटो चालक है और उसने घर में पालतू कुत्ता खरीदने के लिए पैसे की मांग की थी। इस बात को लेकर उसका अपनी मां और पत्नी से विवाद हो गया। नशे की हालत में मौजूद युवक ने गुस्से में आकर पहले मां पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पास के सिद्धि विनायक अस्पताल, उरकुरा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच उरला थाना पुलिस कर रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।