Home Chhattisgarh news Bilaspur news बिलासपुर: पढ़ाई में बाधा, छात्र बोले – कब सुधरेगी व्यवस्था?

बिलासपुर: पढ़ाई में बाधा, छात्र बोले – कब सुधरेगी व्यवस्था?

0
बिलासपुर: पढ़ाई में बाधा, छात्र बोले – कब सुधरेगी व्यवस्था?

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU), जिसे नैक से A++ ग्रेड प्राप्त है, इन दिनों अव्यवस्थाओं और छात्र असंतोष के कारण चर्चा में है। विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा पर उस समय सवाल उठे जब विवेकानंद हॉस्टल के छात्रों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर आधी रात को जोरदार प्रदर्शन किया।

बिजली और वाई-फाई की खराब स्थिति से छात्र परेशान

शनिवार रात बिजली बार-बार गुल होने और वाई-फाई की धीमी गति से परेशान छात्रों ने हॉस्टल परिसर में इकट्ठा होकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि बरसात के मौसम में हॉस्टल और क्लासरूम में पानी भर जाता है, वहीं बिजली की अनियमितता ने पढ़ाई और जीवन दोनों को मुश्किल बना दिया है।

न जनरेटर, न इन्वर्टर, कैसे पढ़ें छात्र?

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि बार-बार बिजली कटने के बावजूद किसी भी हॉस्टल में जनरेटर या इन्वर्टर की व्यवस्था नहीं है। प्रशासन दावा करता है कि सभी सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। गर्मी और अंधेरे में छात्रों को रात गुजारनी पड़ती है।  प्रशासन ने दिया आश्वासन

इस मामले पर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी सत्येश भट्ट ने कहा कि छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। सभी हॉस्टलों में सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। तकनीकी समस्याओं को जल्द हल किया जाएगा।

वाई-फाई की स्थिति भी दयनीय

छात्रों ने यह भी बताया कि हॉस्टलों में इंटरनेट सुविधा बेहद खराब है। वाई-फाई या तो पूरी तरह बंद रहता है या फिर उसकी स्पीड इतनी कम होती है कि ऑनलाइन क्लास, प्रोजेक्ट या शोध कार्य करना मुश्किल हो गया है।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तय

छात्रों ने मांग की है कि सभी हॉस्टलों में तत्काल जनरेटर और इन्वर्टर लगाए जाएं और वाई-फाई नेटवर्क को सुधार कर उसकी नियमित निगरानी की जाए। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सुधार नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।