सकरी थाना क्षेत्र की एक विधवा महिला के साथ धोखाधड़ी और शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, उसका मकान बिकवाने और बाद में उसे बच्चों समेत घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति की मृत्यु वर्ष 2021 में हो गई थी। इसके बाद वह अपने बच्चों के साथ जीवनयापन कर रही थी। इसी दौरान एक बार बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मुलाकात मंगला क्षेत्र के दीनदयाल कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय राजेश जायसवाल से हुई।
राजेश ने महिला की कमजोर स्थिति का फायदा उठाते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और उसे शादी का वादा करके शारीरिक संबंध बना लिए। कुछ समय बाद वह महिला को अपने मंगला स्थित घर ले आया और उसके पुराने मकान को बिकवाकर रकम हड़प ली।
जब महिला ने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने उससे मारपीट की और बच्चों समेत घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर सकरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।