रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर ने इतिहास रचते हुए देश का पहला पूर्ण रूप से कर्ज मुक्त नियोजित शहर बनने का गौरव प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आर्थिक अनुशासन, पारदर्शिता और निर्णायक नेतृत्व का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। अब नवा रायपुर निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक केंद्र के रूप में उभर रहा है।

नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने 1788 करोड़ रुपये का कर्ज और 100 करोड़ रुपये की गारंटी राज्य सरकार को वापस कर दी है, जिससे यह शहर पूरी तरह ऋणमुक्त हो गया है। इस सफलता को आर्थिक अनुशासन, संस्थागत सुधार और स्पष्ट विजन का परिणाम माना जा रहा है।

स्मार्ट सिटी मिशन को मिली नई ऊर्जा
देशभर में जारी स्मार्ट सिटी मिशन को नवा रायपुर ने एक नई दिशा दी है। यह केवल छत्तीसगढ़ की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनने के अभियान में भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत @2047” विजन को साकार करने में सहायक सिद्ध हो रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विजन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल ऋणमुक्ति तक सीमित नहीं है। हम नवा रायपुर को एक ऐसा आदर्श शहर बनाना चाहते हैं, जो अपनी आधुनिकता, पारदर्शिता और टिकाऊ विकास मॉडल के लिए पूरे देश में मिसाल बने।”

उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने दिखाया है कि सही नीति और मजबूत इच्छाशक्ति से कोई भी संस्था आत्मनिर्भर बन सकती है, जबकि अन्य राज्य कर्ज के बोझ से जूझ रहे हैं।

नीति परिवर्तन और निजी निवेश का रास्ता खुला
बीते एक वर्ष में नवा रायपुर के व्यावसायिक और सामाजिक विकास के लिए कई अहम फैसले लिए गए। 1043 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान, सेमीकंडक्टर यूनिट की स्थापना, मेडिसिटी और एडुसिटी जैसी परियोजनाएं, और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) की स्थापना ने इस क्षेत्र को निवेशकों के लिए आकर्षक बना दिया है।

फार्मास्युटिकल, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की कई बड़ी कंपनियां नवा रायपुर की ओर रुख कर रही हैं। CBDA कमर्शियल टॉवर में प्रमुख आईटी कंपनियों को स्पेस आबंटित किया गया है। इसके साथ ही 156 करोड़ रुपये की लागत से प्लग-एंड-प्ले ऑफिस स्पेस, 37 करोड़ रुपये की लागत से साइंस सिटी, और 20 करोड़ रुपये की लागत से ई-बस सेवाओं की भी शुरुआत हो रही है।

वित्त मंत्री का बयान
राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा, “नवा रायपुर केवल भवनों का समूह नहीं है, बल्कि भारत के आर्थिक आत्मबल का प्रतीक है। यह छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का नया ग्रोथ इंजन बनेगा और देशभर के निवेशकों का भरोसेमंद केंद्र भी।”

छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम निश्चित ही राज्य को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।