महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड में 5 लाख की लागत से हो रहा था निर्माण कार्य, अधिकारियों ने अनियमितताएं पाई

छत्तीसगढ़ के वार्ड क्रमांक 22, महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड में नाली निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद नगर पालिका के अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान निर्माण में भारी अनियमितता पाई गई, जिसके चलते अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से कार्य रुकवाकर जेसीबी मशीन मंगवाकर पूरी नाली को तुड़वा दिया।

जानकारी के अनुसार, यह निर्माण कार्य गगन ट्रेडर्स के नाम पर हो रहा था, जिसे मुख्य ठेकेदार ने अपने पेटी कांट्रैक्टर अमित जैन को सौंपा था। लेकिन पेटी कांट्रैक्टर द्वारा काम में गंभीर लापरवाही बरती गई। स्थानीय निवासियों ने भी शिकायत की कि नाली के निर्माण में बेस का काम नहीं किया गया था और पुराने ढांचे पर ही नया निर्माण किया जा रहा था।

इससे पहले भी इस निर्माण कार्य को लेकर शिकायतें आई थीं, जिसके चलते ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया था। बावजूद इसके निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ और नियमों की अनदेखी जारी रही।

नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और उपाध्यक्ष जसकेतु ने पहले ही ठेकेदारों को चेताया था कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस चेतावनी के बावजूद कुछ ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं।

करीब 5 लाख रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें निर्माण की खामियां साफ तौर पर दिखाई दी थीं। वीडियो और निरीक्षण के आधार पर नगर पालिका ने यह सख्त कदम उठाया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अब नाली निर्माण का कार्य नए सिरे से नियमानुसार शुरू कराया जाएगा और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।