बारिश के कारण फ्लाइटों के संचालन में भारी बाधा, यात्री हो रहे हैं परेशान

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पर फ्लाइटें लगातार 1 से 2 घंटे से अधिक देरी से आ रही हैं। देश के कई हिस्सों में मानसूनी और प्री-मानसून की बारिश के चलते उड़ानों में रुकावट आई है। सोमवार को इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई के लिए निर्धारित 5:45 बजे वाली फ्लाइट लगभग 1 घंटे 45 मिनट की देरी से शाम 7:30 बजे पहुंची, वहीं चेन्नई के लिए 3:40 बजे उड़ने वाली फ्लाइट 2 घंटे 10 मिनट लेट होकर शाम 5:55 बजे आई।

इसके अलावा, रात 9:05 बजे आने वाली पुणे की फ्लाइट भी 1 घंटे 10 मिनट देर से रात 10:15 बजे पहुंची। हैदराबाद, पुणे, कोलकाता समेत कई अन्य शहरों के लिए उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है।

विमानन कंपनियों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे उड़ान की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी लेते रहें। मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण कई फ्लाइटों को डायवर्ट या रद्द भी किया गया है।