मध्यप्रदेश के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रायपुर प्रवास के दौरान कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान का इस्तेमाल महज राजनीतिक फायदे के लिए कर रही है। अगर कांग्रेस संविधान के अनुरूप चली होती, तो देश की यह स्थिति नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान का सबसे ज्यादा मजाक कांग्रेस ने ही उड़ाया है।
कैलाश विजयवर्गीय ने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेसी किस गांधी की बात कर रहे हैं? उस गांधी की जो गाय की सेवा करता था या उस गांधी की जो बीफ खाता है? जो गांधी देश की गरीब जनता की पीड़ा को समझते थे, या वह जो छुट्टियां मनाने थाईलैंड जाता है?” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता आज संविधान की किताब लेकर घूमते हैं, लेकिन उसके मूल को नहीं समझते।
एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि आपातकाल लगाकर और यूपीए शासन के दौरान संसद में बिल की कॉपी फाड़कर कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ाईं। आज वही नेता विदेश जाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, जिससे भारत की छवि को नुकसान होता है।
चुनाव प्रणाली को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “जहां कांग्रेस जीतती है, वहां कोई सवाल नहीं उठाते, लेकिन जहां हार होती है, वहां चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं। जनता इस दोहरे चरित्र को समझ चुकी है और हर जगह कांग्रेस को नकार रही है।”
विजयवर्गीय ने ‘एक देश, एक चुनाव’ व्यवस्था का समर्थन करते हुए कहा कि इससे न सिर्फ समय और पैसे की बचत होगी, बल्कि देश के विकास को भी गति मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा द्वारा अंबेडकर जयंती पर आयोजित 10 दिवसीय कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वह राजनांदगांव जाकर जनता को बताएंगे कि कांग्रेस ने कैसे बाबा साहब अंबेडकर के साथ धोखा किया है।